खुशबू गुप्ता, एथलीट
यूपी के छोटे से शहर प्रतापगढ़ से निकलकर चीन में देश का नाम रोशन करने वाली खुशबू गुप्ता एथलीट हैं। उन्होंने पिछले साल चीन में आयोजित विश्व पुलिस और फायर गेम्स प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने पांच किलोमीटर की क्रास कंट्री रेस व तीन किलोमीटर स्टीपेल चेज में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं 1500 मीटर दौड़ व रिले दौड़ में रजत पदक जीते। इस प्रतियोगिता में दुनियाभर की पुलिस के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। खुशबू इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली उत्तर प्रदेश की पहली महिला एथलीट हैं।
खुशबू का जीवन संघर्ष से भरा रहा है। उनके पिता राम आसरे फुटपाथ पर जूते-चप्पल की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बेटी को लखनऊ स्पोट्र्स हॉस्टल में इसलिए भर्ती कराया था ताकि उसे भरपेट भोजन मिले। पढ़ाई-लिखाई मुफ्त होगी। लेकिन यहां खुशबू ने कड़ी मेहनत की और राष्ट्रीय स्तर की चैंपियन एथलीट बनीं। पिछले साल उन्होंने सशस्त्र सेवा बल (एसएसबी) में सिपाही की नौकरी भी हासिल की। खुशबू ने अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज का स्वर्ण पदक जीता था। इसी के दम पर उनका भारतीय पुलिस टीम में चयन किया गया और विश्व प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिला।